बस्ती । कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी 23 फरवरी को बस्ती आएंगी। वह हर्रैया में ‘किसान जन जागरूकता रैली को संबोधित करेंगी। साल भीतर दूसरी दफा उनके बस्ती आगमन को लेकर कांग्रेसी खासे उत्साहित हैं। तैयारी जोरों पर हैं।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सलाहकार समिति के सदस्य एवं पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के मुताबिक प्रियंका गांधी 23 फरवरी को हर्रैया ब्लॉक के बीआर इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगी। संभवत: वह लाखनऊ से सड़क मार्ग के जरिए हर्रैया पहुंचेंगी। राजकिशोर सिंह का कहना है कि अयोध्या-बस्ती बार्डर पर घघौवा के पास से ही उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ उन्हें जनसभास्थल तक लाया जाएगा। आठ फरवरी से शुरू हो रही किसान जनजागरूकता अभियान रैली को संबोधित करेंगी। सीएए और एनआरसी एवं एनपीआर पर भी विचार व्यक्त करेंगी। प्रियंका के आगमन की पुष्टि कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने भी की है।
बस्ती जनपद के कांग्रेसियों का कहना है कि प्रियंका गांधी को सबसे अधिक ध्यान युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सम्मान और किसानों की समस्याओं को समझने पर देना होगा। किसी नेता पर व्यक्तिगत आरोप लगाने की बजाए प्रियंका को विचारधारा की लड़ाई आगे बढ़ाने पर अधिक ध्यान देना होगा, जो नेता किसी वजह से हाशिये पर चले गये हैं उन्हें मुख्यधारा में लाना होगा। कांग्रेस की संगठनात्मक क्षमता काफी कमजोर है, लेकिन कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम उन्होंने कर दिया तो कांग्रेस की राह आसान हो जाएगी। प्रियंका से कांग्रेसियों को काफी उम्मीद है तो उन्हें भी इस कसौटी पर खरा उतरना होगा।